अघोषित बिजली कटौती से जनता परेशान, आंदोलन की चेतावनी
सिरगिट्टी क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। क्षेत्रवासियों ने छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल सिरगिट्टी जोन के सहायक यंत्री को चेतावनी पत्र सौंपकर जल्द समस्या के समाधान की मांग की है।पत्र में कहा गया है कि पिछले कई दिनों से बिना किसी पूर्व सूचना के दिन और रात में बार-बार बिजली बंद की जा रही है। रविवार रात स्थिति और भी खराब रही, जब हर 5 से 10 मिनट में बिजली काटी और चालू की जाती रही। इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।क्षेत्रवासियों का आरोप है कि बार-बार बिजली आने-जाने से टीवी, फ्रिज, कूलर, पंखे समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब होने की स्थिति में पहुंच गए हैं। लोगों ने सवाल उठाया है कि यदि समय पर बिजली बिल जमा किया जा रहा है, तो विभाग अपनी जिम्मेदारी निभाने में क्यों विफल हो रहा है।स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाकर स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो क्षेत्र की जनता विद्युत कार्यालय का घेराव कर उग्र आंदोलन करेगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग और प्रशासन की होगी।
Comments
Post a Comment